दशाश्वमेध घाट पर चला नगर निगम का विशेष सफाई अभियान, नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत घाट की सफाई, अर्पण कलश की व्यवस्था और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने के लिए श्रद्धालुओं को किया जागरूक।
प्रयागराज, 05 अक्टूबर । स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम प्रयागराज की ओर से सोमवार को जोन-04 के दशाश्वमेध घाट पर वृहद सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान घाट परिसर और उसके आसपास विशेष सफाई कर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
सफाई अभियान के दौरान घाटों की पूरी तरह सफाई कराने के साथ डस्टबिन की स्थिति का निरीक्षण किया गया।
पूजन सामग्री के उचित निस्तारण के लिए अर्पण कलश की व्यवस्था भी की गई। श्रद्धालुओं को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गंगा घाटों को एकल उपयोग वाली प्लास्टिक से मुक्त रखने और चार डिब्बों के माध्यम से कचरे के पृथक्करण के बारे में जानकारी दी गई।
नगर निगम की टीम ने पुजारियों और स्थानीय दुकानदारों को भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उनसे डस्टबिन का नियमित उपयोग करने तथा प्रयागराज को एकल उपयोग वाली प्लास्टिक से मुक्त बनाने में सहयोग देने की अपील की गई।
अभियान के दौरान जेडएसओ प्रवीण और एसएफआई रंजन ने सफाई मित्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने घाट के किनारों की विशेष सफाई सुनिश्चित करने के लिए पूरी टीम को निर्देशित किया। सफाई अभियान में की गई सभी गतिविधियों को डीसीसीसी के माध्यम से भी प्रदर्शित किया गया।
नगर निगम की ओर से लोगों से अपील की गई कि गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और सुंदर प्रयागराज के संकल्प को साकार किया जा सकता है।