मंदिर विकास से बदली बाबा खेरेश्वर धाम की तस्वीर, श्रद्धालुओं को मिल रही बेहतर सुविधाएं : रमेश अवस्थी

मंदिर विकास से बदली बाबा खेरेश्वर धाम की तस्वीर, श्रद्धालुओं को मिल रही बेहतर सुविधाएं : रमेश अवस्थी

मंदिर विकास से बदली बाबा खेरेश्वर धाम की तस्वीर, श्रद्धालुओं को मिल रही बेहतर सुविधाएं : रमेश अवस्थी

कानपुर, 23 अगस्त। बाबा खेरेश्वर महादेव की कृपा से मंदिर का विकास तेजी से हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर के विकास के लिए करीब एक करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई है। विकास कार्यों के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को पहले की अपेक्षा बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। यह बातें रविवार को शिवराजपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा खेरेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित भव्य श्रृंगार एवं विशाल भंडारे के दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।

सावन माह के पावन अवसर पर बाबा खेरेश्वर महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में मंदिर परिसर में बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटने लगी और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि बाबा खेरेश्वर महादेव का यह प्राचीन मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर के विकास के लिए प्रदेश सरकार की ओर से करीब एक करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। इससे मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है और श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में पहले से अधिक सुविधा मिल रही है।

भाजपा नेता प्रमोद जायसवाल ने कहा कि बाबा खेरेश्वर महादेव मंदिर की धार्मिक और ऐतिहासिक मान्यता बेहद महत्वपूर्ण है। यह मंदिर महाभारत काल से जुड़ा हुआ माना जाता है। यही वजह है कि सावन के दौरान यहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में होने वाले धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में आस्था और भक्ति का वातावरण और मजबूत होता है।

समिति अध्यक्ष शैल शुक्ला ने कहा कि सावन के पावन अवसर पर बाबा खेरेश्वर महादेव के भक्तों की सेवा के लिए भंडारे का आयोजन किया गया है। यह धार्मिक आयोजन पिछले कई वर्षों से लगातार होता आ रहा है। इस बार समिति को आयोजन की जिम्मेदारी मिली है। बाबा की सेवा और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करना समिति के लिए सौभाग्य की बात है।

भव्य श्रृंगार के बाद बाबा खेरेश्वर महादेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। भक्तों ने श्रद्धाभाव से पूजन-अर्चन किया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।