अमेठी में थाना से 200 मीटर दूर घर में 90 लाख की चोरी, सोने-चांदी के जेवर और हीरे ले उड़े चोर

अमेठी में थाना से 200 मीटर दूर घर में 90 लाख की चोरी, सोने-चांदी के जेवर और हीरे ले उड़े चोर

अमेठी में थाना से 200 मीटर दूर घर में 90 लाख की चोरी, सोने-चांदी के जेवर और हीरे ले उड़े चोर

अमेठी, 17 नवंबर । उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब थाना के आसपास भी घर सुरक्षित नहीं हैं। रामगंज थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित भादर गांव में बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 90 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, हीरे और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर के पीछे की खिड़की की ग्रिल निकालकर अंदर दाखिल हुए और तीन अलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान समेट ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है ।

ग्राम सभा भादर निवासी राजेश कुमार सिंह अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी में डिप्टी जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। पिछले करीब 20 दिनों से वह इलाज के सिलसिले में लखनऊ में पत्नी के साथ रह रहे थे। इसी दौरान सोमवार की शाम को उनके भाई ने फोन कर घर के पीछे की खिड़की की ग्रिल निकली होने की जानकारी दी। भाई की सूचना पर राजेश कुमार सिंह पत्नी के साथ मंगलवार की सुबह घर पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने तीन अलमारियों के ताले तोड़कर पूरा सामान खंगाल डाला था। पीड़ित के मुताबिक चोर घर से करीब 445 ग्राम सोने के जेवरात, दो किलो 100 ग्राम चांदी के आभूषण, लगभग डेढ़ लाख रुपये कीमत के हीरे और एक लाख 80 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।

उन्होंने बताया कि आगामी 29 तारीख को उनके बेटे की सगाई होनी है। इसके लिए उन्होंने होने वाली बहू को देने के लिए करीब 20 लाख रुपये के आभूषण बनवाए थे। इसके अलावा चोरी हुए अन्य जेवर उनकी पत्नी के थे।

राजेश कुमार सिंह ने बताया कि वह करीब 40 वर्षों से कंपनी में नौकरी कर रहे हैं। वेतन और सालाना बोनस से मिलने वाली बचत को वह सोने के आभूषणों के रूप में खरीदकर घर में सुरक्षित रखते थे। यही उनकी वर्षों की जमा पूंजी थी, जिसे चोर एक ही रात में समेट ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने घर के अंदर और आसपास बारीकी से जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अमेठी श्वेताभ भास्कर ने बताया कि पीड़ित की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने साक्ष्य संकलित किए हैं। घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।