इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने जारी किया MA अर्थशास्त्र तृतीय-चतुर्थ सेमेस्टर का संशोधित परीक्षा कार्यक्रम
3 से 15 अक्टूबर तक होंगी परीक्षाएं, दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित है समय; छात्रों को आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह
प्रयागराज, 10 अक्टूबर । इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत एमए तृतीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, दोनों सेमेस्टर की परीक्षाएं तीन से 15 अक्टूबर तक निर्धारित की गई हैं। परीक्षाएं दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होंगी।
एमए तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा तीन अक्टूबर को कृषि अर्थशास्त्र के प्रश्नपत्र से शुरू हुई। पांच अक्टूबर को भारतीय आर्थिक नीति प्रथम, छह अक्टूबर को क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग, नौ अक्टूबर को विकास अर्थशास्त्र और 10 अक्टूबर को पर्यावरणीय अर्थशास्त्र की परीक्षा निर्धारित है। इसके बाद 11 अक्टूबर को जनसंख्या अध्ययन, 12 अक्टूबर को वित्तीय संस्थान एवं बाजार तथा 14 अक्टूबर को उन्नत अर्थमिति की परीक्षा होगी।
वहीं, एमए चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं चार अक्टूबर को जनांकिकी के प्रश्नपत्र से शुरू हुईं। सात अक्टूबर को भारतीय आर्थिक नीति द्वितीय, आठ अक्टूबर को समय शृंखला विश्लेषण एवं कंप्यूटर अनुप्रयोग, 11 अक्टूबर को उद्योग एवं विकास, 12 अक्टूबर को लोक वित्त, 13 अक्टूबर को विकास अर्थशास्त्र और 15 अक्टूबर को भारत का विदेशी व्यापार विषय की परीक्षा होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम को संबंधित विभागों और महाविद्यालयों को भेज दिया गया है। साथ ही, विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी इसे अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थी परीक्षा की तिथियों और प्रश्नपत्रों की जानकारी प्राप्त कर सकें।
परीक्षा कार्यक्रम का करें अवलोकन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने बताया कि अर्थशास्त्र विभाग के एमए तृतीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथियों के अनुसार अपनी तैयारी करें और परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट तथा विभागीय सूचनाओं का अवलोकन करते रहें।