नशे से दूर रहकर युवा देश निर्माण में दें योगदान : आचार्य सत्यकाम
-राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में हर घर तिरंगा और नशा मुक्ति जागरूकता रैली, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा परिसर
प्रयागराज, 12 अगस्त । राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य सत्यकाम ने बुधवार को युवाओं से नशे से दूर रहकर देश के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देशभक्ति को जीवन में उतारने का संकल्प है। युवाओं को राष्ट्र की शक्ति बताते हुए उन्होंने स्वस्थ और अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर विश्वविद्यालय की समाज विज्ञान विद्याशाखा के तत्वावधान में बुधवार को हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत तिरंगा यात्रा और नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत विश्वविद्यालय के सरस्वती परिसर से हुई। हाथों में तिरंगा लेकर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों का दल मिलन चौक होते हुए गंगा परिसर पहुंचा। इस दौरान पूरा परिसर और मार्ग देशभक्ति के नारों तथा ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा।
रैली में नशे के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर ‘जन-जन का है यही पुकार, नशा मुक्त हो हर परिवार’ और ‘जन-जन का है यही संदेश, नशा मुक्त हो अपना देश’ जैसे नारे लगाए। रैली के माध्यम से युवाओं और आम लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलपति आचार्य सत्यकाम ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से बचाकर ही स्वस्थ और मजबूत समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी केवल भावनाओं तक सीमित न रहे, बल्कि इसे अपने व्यवहार और कार्यों में भी उतारना चाहिए।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने अनुशासन और राष्ट्रसेवा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में देशप्रेम के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
समाज विज्ञान विद्याशाखा के निदेशक प्रोफेसर एस. कुमार, मानविकी विद्याशाखा के निदेशक प्रोफेसर सत्यपाल तिवारी, शिक्षा विद्याशाखा के निदेशक प्रोफेसर पी.के. स्टालिन, स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा की प्रभारी प्रो. मीरा पाल और ऑनलाइन एजुकेशन के निदेशक प्रो. ए.के. मलिक सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी और कर्मचारी रैली में शामिल हुए।