उप्र 2027 का चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ेंगे : रामदास आठवले

उप्र 2027 का चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ेंगे : रामदास आठवले

उप्र 2027 का चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ेंगे : रामदास आठवले

लखनऊ, 25 अप्रैल । रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री डॉ. रामदास आठवले ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कहा कि उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। आठवले ने कहा कि वह उप्र में ब्लाक स्तर पर मजबूत संगठन तैयार कर रहे हैं, जिससे आने वाले चुनाव में जनता की आवाज को प्रभावी तरीके से उठाया जा सके।

आठवले ने लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार में महत्वपूर्ण घटक दल है। उन्होंने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया उत्तर प्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए उन्होंने 25 सीटों पर गठबंधन में चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। हालांकि साथ ही यह भी कहा कि अगर उनकी यह मांग पूरी नहीं होती है तो पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलित बाहुल्य सीटों पर पार्टी की मजबूत दावेदारी है। आठवले ने महिला आरक्षण पर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस को विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि यह दोनों पार्टी महिला विरोधी हैं और महिलाओं के विकास में बाधा पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सत्ता में रही, अब उनकी एक सीट मात्र है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आठवले ने दलित बाहुल्य गांव में समाज भवन बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि समाज भवन बनकर उनका संचालन की जिम्मेदारी दलितों को दी जाए। उनके साथ इस मौके पर आरपीआई के प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता भी मौजूद रहे। पवन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से मिलकर मांग पत्र देंगे।

बंगाल में बनेगी भाजपा सरकार

इस दौरान केंद्रीय मंत्री आठवले ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस बार ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की गुण्डागर्दी नहीं चल पाई। इस बार बंपर मतदान हो रहा है। हमारा अनुमान है कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा नीत एनडीए की सरकार बनेगी।