भारतीय खेल पार्क में सचिन तेंदुलकर समेत खेलों के नौ दिग्गजों की दिखेंगी मोम प्रतिमाएं

भारतीय खेल पार्क में सचिन तेंदुलकर समेत खेलों के नौ दिग्गजों की दिखेंगी मोम प्रतिमाएं

भारतीय खेल पार्क में सचिन तेंदुलकर समेत खेलों के नौ दिग्गजों की दिखेंगी मोम प्रतिमाएं

मुरादाबाद, 04 अगस्त  खेल प्रेमियों के लिए मुरादाबाद जल्द ही एक नई पहचान बनाने जा रहा है। बुद्धि विहार फेज-2 में विकसित हो रहे प्रदेश के पहले भारतीय खेल पार्क में खेल जगत के दिग्गज खिलाड़ियों का वैक्स म्यूजियम तैयार किया जा रहा है। इस म्यूजियम में क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर समेत विभिन्न खेलों के नौ महान खिलाड़ियों की मोम की प्रतिमाएं लगाई जाएंगी। दावा है कि म्यूजियम का निर्माण सितम्बर माह के पहले सप्ताह में पूरा हो जाएगा, जिसके बाद इसका लोकार्पण कराया जाएगा।

नगर निगम की ओर से तैयार किए जा रहे इस वैक्स म्यूजियम को खेल पार्क का सबसे बड़ा आकर्षण बनाया जा रहा है। यहां आने वाले लोग अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की जीवंत दिखने वाली मोम प्रतिमाओं के साथ तस्वीरें खिंचवा सकेंगे। म्यूजियम की छत का निर्माण अंतिम चरण में है और अंदरूनी कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। इस पार्क को विशेष तौर पर भारतीय खेलों की विरासत और विविधता को दर्शाने के लिए डिजाइन किया गया है। पार्क में लूडो, शतरंज, कबड्डी, खो-खो, गिल्ली-डंडा, मल्लखंभ, कुश्ती, हॉकी, कंचे, पिटू, रस्साकशी, बाटा दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों के साथ-साथ आधुनिक भारतीय खेलों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह पार्क न सिर्फ जानकारी देने का माध्यम होगा, बल्कि यहां खेलने की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी ताकि बच्चे, युवा और बुजुर्ग इसका आनंद ले सकें। पार्क में डिजिटल स्क्रीन, इनफॉर्मेशन बोर्ड और खेल क्षेत्र विकसित किए जाएंगे, जहां खेलों की उत्पत्ति, नियम और उनके वैश्विक प्रभाव को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। म्यूजियम तैयार होने के बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। यह वैक्स म्यूजियम आठ करोड़ रुपये की लागत से बन रहे भारतीय खेल पार्क का हिस्सा होगा।