‘उन्मेष 2025’ का भव्य समापन, डॉ. दिनेश शर्मा बोले—“बेटियां भारत की शक्ति हैं”
‘उन्मेष 2025’ का भव्य समापन, डॉ. दिनेश शर्मा बोले—“बेटियां भारत की शक्ति हैं”
लखनऊ, 12 नवम्बर । लखनऊ के नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज में आयोजित दो दिवसीय साहित्यिक-सांस्कृतिक समागम ‘उन्मेष 2025’ का बुधवार को भव्य समापन हुआ। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि “बेटियों के लिए हिंदुस्तान प्रथम है। जब बेटियां खेल के मैदान या ओलम्पिक में जीतती हैं, तो लगता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में महिलाओं का योगदान बढ़ रहा है।”
डॉ. शर्मा ने महाविद्यालय के बीबीए पाठ्यक्रम के शिक्षण कक्ष के लिए अपनी निधि से दस लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। और कहा कि स्मार्ट क्लास व आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था हेतु भी सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि “शिक्षा एक ऐसा हथियार है जिससे कोई भी जंग जीती जा सकती है।” साथ ही अल्पसंख्यक वर्ग की छात्राओं से शिक्षित और जागरूक बनने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति छात्राओं के लिए अवसरों का विस्तार करेगी क्योंकि यह शिक्षा को स्किल से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि महिलाएं सदैव विवेकपूर्ण निर्णय लेती हैं और सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर पार्षद स्वदेश सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। छात्राओं ने महाविद्यालय का कुलगीत एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि एनसीसी कैडेट्स ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी।
मुख्य अतिथियों ने पंचवटी एवं पोषण वाटिका में पीपल, बरगद, आंवला और बेल जैसे पौधे रोपे। इस वाटिका का निर्माण प्रो. शिवानी श्रीवास्तव एवं अरविंद के मार्गदर्शन में एनसीसी, एनएसएस व रेंजर्स के सहयोग से किया गया। साथ ही अतिथियों ने नवनिर्मित कैफेटेरिया का लोकार्पण भी किया।
प्राचार्य प्रो. रश्मि बिश्नोई ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो. शिवानी श्रीवास्तव ने किया। समारोह में राजधानी के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, छात्राएं और कॉलेज परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।