नकबजनी मामले में तीन गिरफ्तार, चाेरी का सामान एवं वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद
नकबजनी मामले में तीन गिरफ्तार, चाेरी का सामान एवं वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद
प्रयागराज, 18 मार्च उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी थाने की पुलिस टीम ने नकबजनी मामले का चौबीस घंटे में खुलासा करते हुए बुधवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपितों के कब्जे से चोरी किया गया सामान एवं वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने दी।
डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ नैनी थाने में धारा 305(A)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम मामले में कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर तीनों अभियुक्तों को मैना देवी रोड, अरैल स्थित पानी की टंकी के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आराेपिताें में प्रयागराज के करछना थाना क्षेत्र के पुतरीहा गांव निवासी सुनील, एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के मदारीपुर गांव निवासी अमर चन्द्र तथा पड़ोसी गांव असरावल खुर्द निवासी छोटू है।
चोरी का सामान व वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1 टुल्लू पम्प, 2 वाश बेसिन टोटी, 2 हैंगर, 2 टॉवल होल्डर, 14 पर्दे के कब्जे, 7 स्टील होल्डर, घटना में प्रयुक्त ऑटो (UP70PT5941) तथा 8 टायर बरामद किए हैं। बरामद टायर थाना कौंधियारा में दर्ज एक अन्य मुकदमे से संबंधित बताए गए हैं।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे दिन में ऑटो चलाते थे और रात में सुनसान घरों की रेकी कर ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी का सामान ऑटो में लादकर मौके से फरार हो जाते थे। बीती रात भी उन्होंने अरैल क्षेत्र में एक घर का ताला तोड़कर टुल्लू पम्प समेत अन्य सामान चोरी किया था।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है और आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बृजकिशोर गौतम, उपनिरीक्षक राजेश कुमार बाजपेई, हेड कांस्टेबल ज्ञानेन्द्र कुमार, कांस्टेबल ललित कुमार एवं राजबहादुर की टीम शामिल रही।