बर्फबारी होने से पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला
बर्फबारी होने से पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला
इस बार हुई भारी बर्फबारी के बाद जिले के पर्यटन स्थल एक बार फिर गुलजार होने लगे हैं। पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस बार अधिक बर्फबारी होने से पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फ से ढके मैदानों, पहाड़ों और जंगलों में मस्ती करते हुए बर्फ का आनंद उठा रहे हैं।
इसी कड़ी में जिले के लोरन ब्लॉक स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुल्तान पत्थरी में आज पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यहां पहुंचे पर्यटक बर्फबारी के बीच जमकर मौज-मस्ती करते नजर आए और प्राकृतिक खूबसूरती का भरपूर लुत्फ उठाया।
पर्यटकों में शामिल पंजाब के अमृतसर से आई एक युवती ने बताया कि पहले वे बर्फ देखने के लिए कश्मीर या हिमाचल प्रदेश जाया करती थीं लेकिन सुल्तान पत्थरी के बारे में सुनने के बाद पहली बार यहां पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि यह जगह बेहद खूबसूरत है और यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है। पर्यटकों की बढ़ती आमद से स्थानीय लोगों में भी खुशी का माहौल है और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को नया संबल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------