विपक्ष भ्रम फैला रहा है, पीड़ित परिवारों को लेकर मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात : राजीव पासवान

विपक्ष भ्रम फैला रहा है, पीड़ित परिवारों को लेकर मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात : राजीव पासवान

विपक्ष भ्रम फैला रहा है, पीड़ित परिवारों को लेकर मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात : राजीव पासवान

प्रयागराज, 19 मई । प्रदेश में दलितों और वंचित समाज पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं, लेकिन विपक्ष केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। उक्त बातें मंगलवार को सिविल लाइन स्थित इलाहाबाद न्यूज़ रिपोर्ट क्लब में मीडिया लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने कहीं।

उन्होंने कहा है कि पार्टी ने हर रास्ते हर चौराहे पर अपना पोस्टर लगाया है। "क्यों मांगे उधार जब अपना नेता तैयार" का पोस्टर लगाया गया है। राजीव पासवान ने कहा है कि अब पासी पासवान समाज को किसी दूसरे नेता की ओर देखने की कोई जरूरत नहीं है। क्योंकि उनके सुख-दुख में अब लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान खड़े हैं। उन्होंने दावा किया है कि उप्र की 403 में से 105 विधानसभा सीटों पर पासी पासवान समाज जीत हार तय कर सकता है। उन्होंने कहा है कि लोक जनशक्ति पार्टी अब यूपी में मजबूती से 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है।

राजीव पासवान ने पीडीए का नारा देने वाले सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। आरोप लगाया है कि यूपी में कानून व्यवस्था सख्त होने के बावजूद समाजवादी पार्टी के गुंडों ने पासी समाज के चार-चार लोगों की हाल में हत्याएं कर दी। एक महीना पहले जैश लाल सरोज की हत्या हुई।10 मई को होलागढ़ इलाके में पार्टी के कार्यकर्ता हिमांशु सरोज की हत्या कर दी गई। कौशांबी में किरण पाल की हत्या समाजवादी पार्टी के गुंडों ने किया। 14 मई को कौशांबी में बाइक से जा रहे पासी समाज के पांच लोगों की हत्या समाजवादी पार्टी के एक गुंडे ने ट्रैक्टर से कुचल के कर दी। उन्होंने दावा किया है कि पीड़ित परिवार ने लिखित रूप में पार्टी को जानबूझकर समाजवादी गुंडों द्वारा हत्या किए जाने की बात कही है।

उन्होंने कहा है कि पीडीए का नारा देने वाले अखिलेश यादव की पार्टी सपा के गुंडों के आतंक के खिलाफ लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास एकजुट है। पासी समाज के लोगों की हुई हत्याओं को लेकर पार्टी के यूपी प्रभारी सांसद अरुण भारती बुधवार को प्रयागराज आएंगे। राजीव पासवान ने कहा कि यूपी प्रभारी अरुण भारती के साथ प्रतिनिधि मंडल कौशांबी में पीड़ित परिजनों से मुलाकात करेगा और उन्हें आर्थिक सहयोग भी प्रदान करेगा। उन्होंने कहा है कि गुरुवार को पीड़ित परिजनों को लखनऊ ले जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित परिजनों के लिए मांग करती है कि हर एक मृतक के परिजनों को 50-50 लाख मुआवजा और परिवार में एक-एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी मिले। इसके साथ ही अपराधियों के घरों पर बुलडोजर की भी कार्यवाही हो। ताकि समाजवादी पार्टी के गुंडे समाज में भय और आतंक का माहौल न पैदा कर सकें। उन्होंने कहा कि 2024 में समाजवादी पार्टी ने लोगों में आरक्षण और संविधान का डर दिखाकर कुछ सीटें हासिल कर ली थी। समाजवादी पार्टी की गुंडागर्दी और उसके चेहरे को जनता पहचान चुकी है और 2027 मैं अब समाजवादी पार्टी की दाल नहीं गलेगी। उन्होंने कहा है कि आने वाला समय लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास का होगा। उन्होंने दावा किया है कि जब तक लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान हैं कोई माई का लाल आरक्षण और संविधान को खत्म नहीं कर सकता है।

उन्होंने कहा कि पार्टी वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

राजीव पासवान ने कहा कि जनता अब अपने नेता को तैयार करने के मिशन में जुट चुकी है और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) गांव-गांव तक संगठन को मजबूत कर रही है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती अपराध घटनाओं पर चिंता जताते हुए सपा सरकार और पीडीए पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलितों और वंचित समाज पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं, लेकिन विपक्ष केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहा है।

उन्होंने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और रामविलास पासवान के योगदान को याद करते हुए कहा कि रामविलास पासवान ने अपने राजनीतिक जीवन में समाज के हर वर्ग के लिए काम किया। रेलवे मंत्री रहते हुए उन्होंने हजारों कर्मचारियों को स्थायी करने का कार्य किया तथा दूरसंचार मंत्री रहते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को आगे बढ़ाया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अभी से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिवम मिश्रा, देवेंद्र तिवारी, जितेंद्र पासी, विनय कुशवाहा, नंद कुमार सोनी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।