शहर के कानपुर रोड पर सर्दियों की रौनक बढ़ाने आया हिमालयन बौद्धिष्ट मेला, लोगों में उमंग का माहौल
शहर के कानपुर रोड पर सर्दियों की रौनक बढ़ाने आया हिमालयन बौद्धिष्ट मेला, लोगों में उमंग का माहौल
औरैया, 13 नवम्बर । सर्द हवाओं के साथ शहर में रौनक लेकर आया है हिमालयन बौद्धिष्ट मेला। उत्तर प्रदेश के औरैया शहर के कानपुर रोड स्थित मैदान में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। शुभारंभ समारोह में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन कर मेले की शुरुआत की गई, जिसके बाद पूरे मैदान में रंग-बिरंगे स्टॉल और हिमालयी संस्कृति की झलक देखने को मिली।
मेला संचालक महेन्द्र क्षेत्री ने बताया कि यह मेला प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी चार माह तक चलेगा और 15 फरवरी तक जारी रहेगा। इस दौरान शहरवासी न सिर्फ खरीदारी का आनंद लेंगे बल्कि हिमालयी संस्कृति की झलक भी देख पाएंगे। मेले में कुल 18 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें हिमालयी क्षेत्रों से आए गर्म कपड़े, ऊनी वस्त्र, हस्तशिल्प और सजावटी वस्तुओं की बिक्री की जा रही है। हर स्टॉल पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है, खासकर महिलाएं ऊनी कपड़े और सजावटी वस्तुएं खरीदने में विशेष रुचि दिखा रही हैं।
मेले में खरीदारी के साथ-साथ स्वाद के दीवानों के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। हिमालयी परंपरा के अनुरूप यहां मोमोज, थुकपा, स्पेशल चाय और अन्य स्थानीय व्यंजन लोगों को खूब लुभा रहे हैं। ठंड के मौसम में इन व्यंजनों की खुशबू और स्वाद ने मेले के आकर्षण को और बढ़ा दिया है। परिवारों और बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है।
मेला प्रबंधन की ओर से सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे परिसर में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महेन्द्र क्षेत्री ने बताया कि मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा। उन्होंने बताया कि हिमालयन बौद्धिष्ट मेला हर साल की तरह इस बार भी खरीदारी, संस्कृति और स्वाद का अनोखा संगम बनकर शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ठंड के मौसम में यह मेला शहर के लिए उत्साह और उमंग लेकर आया है।