सूबेदार भूपेंद्र कुमार सिंह सैन्य सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार

सूबेदार भूपेंद्र कुमार सिंह सैन्य सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार

सूबेदार भूपेंद्र कुमार सिंह सैन्य सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार

सुलतानपुर, 03 फ़रवरी। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के बरुई गांव निवासी भारतीय सेना के सूबेदार भूपेंद्र कुमार सिंह जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। सैन्य सम्मान के साथ मंगलवार को अंतिम संस्कार किया गया। सेना द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

वे भारतीय सेना की ऑर्डिनेंस विंग में सूबेदार के पद पर तैनात थे। शहीद का पार्थिव शरीर सोमवार को जम्मू से फ्लाइट द्वारा लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा। वहां से देर रात उनके पैतृक गांव बरुई लाया गया। शहादत की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल छा गया। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि अर्पित करने शहीद के घर पहुंचे। मंगलवार को बरुई घाट पर शहीद सूबेदार भूपेंद्र कुमार सिंह का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

शहीद भूपेंद्र कुमार सिंह का परिवार भी देशसेवा के लिए समर्पित है। उनके पिता स्वर्गीय प्रसिद्ध नारायण सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे। उनके बड़े भाई सूबेदार रविंद्र प्रताप सिंह और छोटे भाई सत्येंद्र प्रताप सिंह भी वर्तमान में भारतीय सेना में कार्यरत हैं।

शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए जयसिंहपुर विधायक राज बाबू उपाध्याय, एसडीएम जयसिंहपुर, अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य ओ.पी. चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और क्षेत्रीय लोग उनके पैतृक निवास पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।

जयसिंहपुर विधायक राज बाबू उपाध्याय ने शहीद के घर तक पक्की सड़क बनवाने और उनकी पत्नी के खाते में सवा लाख रुपये भेजने की घोषणा की। पूरे क्षेत्र को अपने इस वीर सपूत पर गर्व है। स्थानीय लोगों ने कहा कि शहीद भूपेंद्र कुमार सिंह का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।