त्योहारों पर सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

त्योहारों पर सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

त्योहारों पर सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

बरेली, 18 सितंबर । दुर्गापूजा, रामलीला और दशहरे के मद्देनज़र जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने अधिकारियों संग बैठक की।

जिलाधिकारी ने कहा कि मंदिरों और शोभायात्रा मार्गों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जहां से जुलूस निकलेंगे, वहां रास्तों की जांच कराकर सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अवैध व बाहर से आने वाली शराब और डुप्लीकेट दवाइयों की आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए छापेमारी की जाए। साथ ही गौ-तस्करी किसी भी कीमत पर न होने पाए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बताया कि 22 सितंबर से नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा मिशन शक्ति के पांचवें चरण का शुभारंभ होगा। इसके तहत पिंक बूथ और पिंक टॉयलेट की व्यवस्था पर भी ध्यान देना होगा। प्रधानी चुनाव को देखते हुए पूर्व, वर्तमान और संभावित प्रत्याशियों पर नजर रखने को कहा गया।

एसएसपी अनुराग आर्य ने निर्देश दिए कि दुर्गापूजा में स्थापित होने वाली प्रतिमाओं का पूरा ब्यौरा तैयार रखा जाए। विसर्जन स्थलों पर लाइट, पानी, रेत और सुरक्षा इंतज़ाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं। प्रतिमा स्थापना स्थलों पर रात्रि में विशेष निगरानी रखी जाए और वालंटियर का सहयोग लिया जाए। मंचों पर फायर सेफ्टी और विद्युत सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। दशहरे पर पुतले बनाने वालों को स्पष्ट कर दिया जाए कि पटाखों की दिशा ऊपर की ओर हो, आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों का भंडारण न किया जाए।

बैठक में एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम वित्त संतोष कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट समेत सभी एसडीएम, सीओ और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।