दामाद इकरार मोहम्मद बहू को लेकर फरार, पांच लाख के आभूषण व नकदी गायब
दामाद इकरार मोहम्मद बहू को लेकर फरार, पांच लाख के आभूषण व नकदी गायब
अमेठी, 29 दिसंबर । उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद के थाना संग्रामपुर क्षेत्र अंतर्गत तुलापुर भैरोपुर गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति पर अपनी ससुराल की बहू को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगा है। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस जांच और आवश्यक कार्यवाही में जुटी हुई है।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गांव तुलापुर मजरे भैरोपुर निवासी जाकिर हुसैन पुत्र अब्दुल खालिक ने थाना संग्रामपुर में लिखित तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्रवधू को उनका दामाद इकरार मोहम्मद पुत्र अब्दुल गनी, निवासी दीवानगंज थाना सांगीपुर जनपद प्रतापगढ़, बीती रात बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। पीड़ित के अनुसार, उनकी पुत्रवधू घर से जाते समय करीब पांच लाख रुपये मूल्य के आभूषण और लगभग 80 हजार रुपये नकद भी साथ ले गई। महिला अपने पांच वर्षीय बेटे को घर पर छोड़ गयी है। पीड़ित ने बताया कि रात करीब 12 से 1 बजे के बीच जब उनका नाती रोने लगा, तब परिवार के लोग जागे। जांच करने पर देखा कि घर में रखे बक्से खुले हुए थे और उनमें रखे गहने व नकदी गायब थी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
इस मामले में थाना संग्रामपुर के प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।