सीतारमण ने महिला संचालित मूंगफली प्रसंस्करण इकाई का किया उद्घाटन

सीतारमण ने महिला संचालित मूंगफली प्रसंस्करण इकाई का किया उद्घाटन

सीतारमण ने महिला संचालित मूंगफली प्रसंस्करण इकाई का किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 04 जून । केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को कर्नाटक के यादगीर जिले में महिलाओं के नेतृत्व में संचालित राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) समर्थित मूंगफली प्रसंस्करण इकाई का उद्घाटन किया। यह ऐसी इकाई है, जो मूंगफली को भून सकती है, तेल निकाल सकती है और पीनट बटर जैसे उत्पाद बना सकती है।

सीतारमण ने बाडेपल्ली गांव में किसानों के प्रशिक्षण और साझा सुविधा केंद्र का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कर्नाटक के यादगिर स्थित बडेपल्ली गांव में 'किसान प्रशिक्षण एवं साझा सुविधा केंद्र' के उद्घाटन समारोह के दौरान अपने संबोधन में पेड्डापल्ली महिला किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड की सराहना की, जो इस इकाई का संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि कल्याण कर्नाटक क्षेत्र में स्थापित ऐसी सात मूल्य संवर्धन इकाइयों में से यादगीर की इकाई अकेली है, जिसे पूरी तरह महिलाएं चला रही हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि इस इकाई का संचालन करने वाली महिलाओं को किसानों से सीधे मूंगफली खरीदने में कठिनाई हो रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाएं मंडियों एवं बाजारों से खरीद करने की कोशिश कर रही हैं और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने इसके लिए अलग से एक अधिकारी भी नियुक्त किया है। फिर भी ऐसा लगता है कि बीच में कोई बिचौलिया उन्हें सीधे खरीदने से रोक रहा है। स्थानीय प्रशासन से जवाबदेही मांगते हुए उन्होंने पूछा कि कच्चा माल खरीदने में कठिनाई क्यों होनी चाहिए। उन्होंने साथ ही कहा कि केवल एक इकाई से यादगीर के मूंगफली उत्पादन का पूरा उपयोग नहीं हो सकता तथा ऐसे कई और केंद्रों की आवश्यकता है।