फिल्म निर्माता अमित जानी ने कहा— शाहरूख का बांग्लादेशी क्रिकेटर खरीदना हिंदू-विरोधी
धर्माचार्य देवकीनंदन और संगीत साेम के बयान का किया समर्थन
संभल , 02 जनवरी । उत्तर प्रदेश के संभल में आज फिल्म निर्माता अमित जानी ने अभिनेता शाहरुख खान पर निशाना साधते हुए खरी खाेटी सुनाई है। जानी संभल दंगों पर आधारित फिल्म 'कल्कि संभल फाइल्स' बना रहे हैं। उन्होंने शाहरुख खान पर एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को करोड़ों रुपये देकर खरीद कर सम्मानित करने का आरोप लगाया, जिसे उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या से जोड़ा।
अमित जानी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की निर्मम हत्या और दीपू चंद दास को जलाकर मारने जैसी घटनाओं के बाद पूरा देश पीड़ित परिवाराें के साथ खड़ा था। ऐसे में शाहरुख खान ने, जिन्होंने इस देश से सम्मान, प्यार और स्टारडम हासिल किया, एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को 9 करोड़ रुपये देकर सम्मानित करने की इच्छा व्यक्त की।
अमित जानी ने कहा कि इसका मतलब है कि शाहरुख खान ने हिंदू समाज की हत्या के लिए उस देश को अलंकृत किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस देश का खाकर बांग्लादेश और पाकिस्तान इनके दिल में क्यों हैं? अमित जानी ने सलमान खान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सलमान खान जोधपुर में हिरण शिकार मामले में की गई गलती का खामियाजा भुगत रहे हैं और आज डर के साये में जीते हैं।
फिल्म निर्माता अमित जानी ने देवकीनंदन और संगीत सोम के बयानों का समर्थन करते हुए कहा कि वे दाेनाें लाेग बिल्कुल सही कह रहे हैं और ऐसे लोगों को इस देश से खदेड़ देना चाहिए। उन्होंने बालासाहेब ठाकरे का भी उल्लेख किया और कहा कि अगर वे जीवित होते तो शाहरुख खान के लिए काफी मुश्किल हाेता।