सपा मुखिया ने मतगणना को प्रभावित करने का लगाया आरोप
मतगणना को प्रभावित करने के लिए दिखाये जा रहे फ़र्ज़ी एग्ज़िट पोल्स

लखनऊ, 08 मार्च । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर मतगणना को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को उन्होंने एक बार फिर दावा किया कि प्रदेश में 300 से अधिक सीटों पर सपा गठबंधन की जीत सुनिश्चित है। समाजवादी पार्टी अयोध्या और वाराणसी में भी जीतेगी।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से वाराणसी के जिलाधिकारी को हटाए जाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि आज वाराणसी में एक ट्रक पकड़ा गया दो गाड़ियां क्यों भागी। बिना सुरक्षा के ईवीएम ले जायी जा रही है। जबकि बिना प्रत्याशी की जानकारी के ईवीएम एक स्थान से दूसरे स्थान पर नहीं ले जा सकते।
सपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं को कहा कि जब तक मतगणना न हो जाय तब तक नजर रखें और लगातार निगरानी रखें। यह लोकतंत्र के लिए खतरे का समय है।
अगर हमने वोट दिया है तो हमारी जिम्मेदारी की लोकतंत्र के प्रहरी बनकर ईवीएम की सुरक्षा करें।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा प्रायोजित एक्जिट पोल के नाम पर भाजपा समाजवादी साथियों का मनोबल तोड़ने का कुचक्र रच रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि फ़र्ज़ी एग्ज़िट पोल्स सिर्फ़ मतगणना को प्रभावित करने के लिए दिखाये जा रहे हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता किसी भी भाजपाई साजिश को सफल नहीं होने देंगे।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने सपा पलटवार करते हुए कहा है कि अखिलेश यादव जब से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और सपा के अध्यक्ष बने तब से उनके खाते में हार ही आयी है। वर्ष 2014, वर्ष 2017 और 2019 के बाद 2022 की हार का ठीकरा किस पर फोड़ना है उसकी तैयारी अखिलेश यादव ने कर ली है। अखिलेश यादव ईवीएम पर ठीकरा फोड़ेंगे। वह एक असफल मुख्यमंत्री, असफल अध्यक्ष और असफल पुत्र साबित हुए हैं।