उप्र में अगले तीन दिन के लिए हीट वेव का रेड व येलो अलर्ट, कई जिलाें में पारा 48 तक पहुंचेगा
उप्र में अगले तीन दिन के लिए हीट वेव का रेड व येलो अलर्ट, कई जिलाें में पारा 48 तक पहुंचेगा
लखनऊ, 20 मई । उत्तर प्रदेश में गर्मी अब विकराल रूप लेती जा रही है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन यानी 23 मई तक भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) का रेड और येलो अलर्ट जारी किया गया है। चेतावनी जारी कर कहा गया है कि 20 मई (आज) को पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिलेगा। पश्चिमी यूपी से लेकर बुंदेलखंड, मध्य यूपी और पूर्वांचल तक तेज धूप, गर्म हवाएं और रात में भी उमस (वॉर्म नाइट) लोगों को बेहाल कर सकती है। कई जिलों में सीवियर हीट वेव यानी भीषण लू का अलर्ट भी जारी किया गया है।
लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि अगले कुछ दिनों में रात में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिलेगी। पूरे प्रदेश में (वॉर्म नाइट) रात में भी तापमान कम न होने की स्थिति का रेड अलर्ट जारी किया गया। इस दौरान तापमान में सामान्य से तीन से 6 डिग्री तक अधिक बना रहेगा। माैसम विभाग ने बुंदेलखंड के बांदा, चित्रकूट, झांसी, पूर्वांचल के प्रयागराज, पश्चिम में आगरा और आसपास के 11 जिलाें में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के जिलों में भी हालात कम गंभीर नहीं हैं। लखनऊ के अलावा वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, जौनपुर और गाजीपुर में तेज लू की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के कारण पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि इससे तापमान में कोई बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी मौसम के प्रकोप को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
मौसम से जुड़ी प्रमुख चेतावनियां और सावधानियां
मौसम के प्रचंड रूप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में है। नगर के डॉ केके निगम ने बताया कि इस भीषण गर्मी में लू से बचने के लिए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने दें, हल्के और सूती कपड़े पहनें और बाहर निकलते समय सिर व चेहरे को ढककर रखें। उन्होंने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष रूप से अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग की चेतावनी ने फिलहाल साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में आने वाले दिन गर्मी के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। लोगों को लापरवाही से बचते हुए सावधानी और सुरक्षा के साथ दिनचर्या अपनाने की जरूरत है।