आरडीएसओ के महानिदेशक प्रभास दनसाना ने बरेका में लोको टेस्ट शॉप का किया भ्रमण

—अनुसंधान, नवाचार लोको निर्माण पर विशेष मंथन, उत्पादन गतिविधियों का अवलोकन

आरडीएसओ के महानिदेशक प्रभास दनसाना ने बरेका में लोको टेस्ट शॉप का किया भ्रमण

वाराणसी, 01 जून । भारतीय रेल के अनुसंधान, नवाचार एवं तकनीकी मानकीकरण के प्रमुख केंद्र अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) लखनऊ के महानिदेशक प्रभास दनसाना ने सोमवार को बनारस रेल इंजन कारखाना में भ्रमण कर उत्पादन गतिविधियों का अवलोकन किया। अपने निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक दनसाना ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रक मशीन शॉप एवं लोको टेस्ट शॉप का भ्रमण किया।

उन्होंने रेल इंजनों के निर्माण की विभिन्न चरणबद्ध प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणालियों तथा आधुनिक बेल्डिंग तकनीकी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्पादन दक्षता, तकनीकी उत्कृष्टता एवं गुणवत्ता मानकों के प्रति बरेका की प्रतिबद्धता की सराहना की। इस अवसर पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने बरेका की उल्लेखनीय उपलब्धियों, लोको उत्पादन क्षमता के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इसके पहले महानिदेशक प्रभास दनसाना के बरेका आगमन पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने उनका हार्दिक स्वागत किया। शिष्टाचार भेंट के दौरान भारतीय रेल के तकनीकी आधुनिकीकरण, अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों, रेल इंजनों के मानकीकरण तथा भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान बरेका के मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर सुदीप रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।