राष्ट्रपति मुर्मु दो दिन तिरुवनंतपुरम में, आज नौसेना दिवस समारोह में लेंगी हिस्सा
राष्ट्रपति मुर्मु दो दिन तिरुवनंतपुरम में, आज नौसेना दिवस समारोह में लेंगी हिस्सा
नई दिल्ली, 03 दिसंबर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज और कल ( 03 और 04 दिसंबर) केरल के तिरुवनंतपुरम के प्रवास पर रहेंगी। राष्ट्रपति आज नौसेना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह जानकारी समारोह की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक प्रवक्ता ने दी।
प्रवक्ता के अनुसार, सेना के तीनों अंगों की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति मुर्मु तिरुवनंतपुरम में भारतीय नौसेना के ऑपरेशनल डेमोंस्ट्रेशन का अवलोकन भी करेंगी। इसमें नौसेना की सामरिक क्षमता, आधुनिक युद्धक तकनीक और विभिन्न ऑपरेशनल कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा।
नौसेना दिवस हर वर्ष 04 दिसंबर को मनाया जाता है। इस वर्ष समारोह 03 दिसंबर को तिरुवनंतपुरम में भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति समारोह का मुख्य आकर्षण होगी। इस आयोजन की पूर्व संध्या पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने 'भारतीय समुद्री सिद्धांत' जारी किया।
इसका मकसद भारत की क्षेत्रीय भूमिका और समुद्री असर को आगे बढ़ाना है। यह भारतीय नौसेना का सबसे अहम मार्गदर्शक दस्तावेज है। भारतीय समुद्री सिद्धांत का यह संस्करण नो-वॉर नो-पीस को शांति और संघर्ष के बीच एक अलग वर्ग के तौर पर औपचारिक रूप देता है और इसे संघर्ष के स्पेक्ट्रम का एक जरूरी पहलू बनाता है।