नूंह: गांधी ग्राम में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर बैठकर बनाई रील, वीडियो वायरल होने पर हंगामा

नूंह: गांधी ग्राम में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर बैठकर बनाई रील, वीडियो वायरल होने पर हंगामा

नूंह: गांधी ग्राम में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर बैठकर बनाई रील, वीडियो वायरल होने पर हंगामा


नूंह, 20 जून  नूंह जिले में स्थित गांधी ग्राम के नाम से प्रसिद्ध घासेड़ा गांव में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद लोगों में भारी रोष व्याप्त है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो में दो युवक गांधी पार्क में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा के कंधों पर बैठकर रील बनाते और मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही लोगों ने इसे राष्ट्रपिता का अपमान बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।

घासेड़ा गांव का ऐतिहासिक महत्व रहा है। यह वही गांव है जहां देश के विभाजन के समय महात्मा गांधी ने भारतीय मुस्लिमाें काे भारत में ही रहने और पाकिस्तान न जाने की अपील की थी। इसी वजह से इस गांव को गांधी ग्राम के नाम से भी जाना जाता है। ऐसे ऐतिहासिक और सम्मानित स्थल पर गांधी जी की प्रतिमा के साथ इस प्रकार की हरकत ने लोगों की भावनाओं को आहत किया है।

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो युवक महात्मा गांधी की प्रतिमा के कंधों पर बैठे हुए हैं और रील बनवा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से फैलने के बाद फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य प्लेटफॉर्म पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। लोगों का कहना है कि महापुरुषों की प्रतिमाएं देश की विरासत, इतिहास और सम्मान का प्रतीक होती हैं तथा उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वायरल तस्वीर और वीडियो कब की है तथा किन परिस्थितियों में बनाई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नूंह पुलिस का कहना है कि वायरल फोटो और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है। उनकी पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।