बेटी की शादी के लिए रखे जेवरात-नकदी लेकर प्रेमी के साथ चार बच्चों की मां फरार
बेटी की शादी के लिए रखे जेवरात-नकदी लेकर प्रेमी के साथ चार बच्चों की मां फरार
नोएडा, 16 अगस्त सेक्टर-74 स्थित एक सोसाइटी में काम करने वाली घरेलू सहायिका एक गार्ड सुपरवाइजर के प्रेम जाल में फंस गई। महिला के प्रेमी ने उसके घर से जेवरात और नकदी चोरी कर ली। यह सामान महिला बेटी की शादी के लिए घर पर रखा था। दोनों जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। महिला के पति ने कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-113 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
सर्फाबाद गांव निवासी पीड़ित ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह मूलरूप से जिला महोवा के रहने वाले हैं। सर्फाबाद गांव में पत्नी और चार बच्चों के साथ रहते हैं और ठेकेदारी करते हैं। सेक्टर-74 स्थित पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी में पत्नी खाना बनाने का काम करती है। सोसाइटी के पास ही जिला अलीगढ़ के चकरथल गांव निवासी ललित कुमार गार्ड सुपरवाइजर की नौकरी करता है। दोनों एक-दूसरे से अक्सर मिलते थे।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कई बार इसका विरोध किया, लेकिन दोनों नहीं मानते। पीड़ित के मुताबिक बड़ी बेटी की शादी सर्फाबाद गांव में ही एक युवक के साथ तय की थी। बेटी की शादी में देने के लिए साढ़े चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और साढ़े तीन लाख रुपये घर पर रखे थे।
आरोप है कि ललित कुमार को इसकी भनक लग गई। उसने पीड़ित की पत्नी को बहला-फुसलाकर आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चार जुलाई की रात दोनों गायब हो गए। इसके चलते बेटी की शादी रुक गई। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने इसकी शिकायत सेक्टर-113 थान पुलिस को दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पुलिस ने पत्नी के गायब होने की महज गुमशुदगी दर्ज कर ली। इसके बाद पीड़ित को कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी ललित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।