दो साल से फरार 25 हजार का इनामी पुणे से गिरफ्तार
दो साल से फरार 25 हजार का इनामी पुणे से गिरफ्तार
कानपुर, 04 अगस्त । ग्वालटोली थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शव गंगा में फेंकने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित को पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। ट्रांजिट रिमांड पर कानपुर लाए गए आरोपित से पूछताछ के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ग्वालटोली के अहिराना निवासी मंजू देवी ने 31 अक्टूबर 2024 को मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि 25 अक्टूबर की रात घर आए चार दाेस्त उनके बेटे हिमांशु काे अपने साथ ले गए। उसके बाद उनका बेटा वापस घर नहीं लौटा। परिजनाें की तहरीर और जांच के दौरान पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू की।
पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि आरोपित ट्रांसफॉर्मर चोरी की नीयत से हिमांशु को अपने साथ ले गए थे। इसी दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद घबराए आरोपित शव को ऑटो में रखकर शुक्लागंज के पास गंगा में फेंक आए। पुलिस ने शव की तलाश भी कराई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अहम साक्ष्य बनी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने असलम, शान अली और विशाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि चौथा आरोपित रवि वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम और सर्विलांस सेल लगातार उसकी तलाश में जुटी रही। हाल ही में आरोपित द्वारा अपने एक रिश्तेदार से संपर्क किए जाने के बाद उसका मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया गया। लोकेशन महाराष्ट्र के पुणे जिले में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और एक इलेक्ट्रिकल कंपनी में मजदूरी कर रहे रवि को एक अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) डॉ. अर्चना सिंह ने मंगलवार को बताया कि फरार आरोपित रवि को पुणे से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर कानपुर लाया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।