लखनऊ : टैंकर से टकराई बाइक, मां–बेटे की मौत

लखनऊ : टैंकर से टकराई बाइक, मां–बेटे की मौत

लखनऊ : टैंकर से टकराई बाइक, मां–बेटे की मौत

लखनऊ, 2 दिसंबर । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम किसान पथ पर पानी के टैंकर से बाइक टकरा गई। सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने एनएचएआई के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने टैंकर चालक को वाहन समेत भागने में मदद की हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

काकोरी थाना प्रभारी कमलेश ने बताया कि मृतकों की पहचान लोखारिया खेड़ा निवासी अभिषेक (22) और उसकी मां शांति देवी (45) के रूप में हुई हैं। दोनों रिश्तेदारी में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर बाइक से वापस लौट रहे थे। शाम करीब पांच बजे चौकली गांव के पास अभिषेक बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और किसान पथ पर पानी छिड़क रहे टैंकर में सीधे जा टकराया।

हादसे में बाइक सवार मां–बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान पहले शांति देवी ने दम तोड़ा फिर कुछ देर बाद बेटे अभिषेक की भी मौत हो गई।

थाना प्रभारी कमलेश ने बताया कि टैंकर चालक की भूमिका की भी जांच होगी। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।