केशव प्रसाद मौर्य ने ‘जनता दर्शन’ में सुनी जनसमस्याएं
केशव प्रसाद मौर्य ने ‘जनता दर्शन’ में सुनी जनसमस्याएं
लखनऊ, 03 अगस्त उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने सरकारी आवास, 7-कालिदास मार्ग, लखनऊ पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में आए नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं स्थानीय समस्याओं से उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य को अवगत कराया। केशव प्रसाद मौर्य ने प्रत्येक नागरिक की बात को संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों एवं जनपदों के अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री मौर्य ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसामान्य की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सुगमता से पहुंचे तथा प्रत्येक नागरिक को न्यायोचित एवं प्रभावी समाधान प्राप्त हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी पूर्ण संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता की सेवा, उनकी समस्याओं का समाधान और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के अनुरूप जनकल्याण एवं सुशासन के संकल्प को निरंतर साकार कर रही है।
उन्होंने कहा कि जनता दर्शन केवल जनसमस्याओं को सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच प्रत्यक्ष संवाद का सशक्त मंच है। इससे नागरिकों की समस्याओं को समझने तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है और उस विश्वास पर खरा उतरना हम सभी का दायित्व है।