कानपुर पुलिस ने 51 खोये मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाए
कानपुर पुलिस ने 51 खोये मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाए
कानपुर, 08 मई। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर कमिश्नरेट पश्चिमी जोन पुलिस की सर्विलांस टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग दस लाख रुपये कीमत के 51 खोये मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सीईआईआर पोर्टल एवं जनशिकायत प्रार्थना पत्रों पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर टीम द्वारा लगातार तकनीकी जांच और ट्रैकिंग की गई। जांच के दौरान विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए। आवश्यक सत्यापन एवं विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए गए।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने शुक्रवार को कहा कि खोये हुए मोबाइल फोन वापस मिलना आम लोगों के लिए बड़ी राहत की बात होती है। उन्होंने कहा कि सर्विलांस टीम लगातार शिकायतों पर काम कर रही है और तकनीक की मदद से लोगों के मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई लोग ऐसे थे जिन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन पुलिस टीम के प्रयास से उनके फोन बरामद कर उन्हें सौंप दिए गए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का तेजी से निस्तारण करना पुलिस की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है।