मीरजापुर में शादी के चार माह बाद महिला ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
पति मद्रास में करता है नौकरी, अप्रैल में हुई थी शादी
मीरजापुर, 23 जुलाई । मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र के उमरिया गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां शादी के महज चार माह बाद ही एक 21 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मंगलवार रात हुई इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है और परिवार सहित स्थानीय लोग सदमे में हैं। महिला द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने गहन छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, उमरिया गांव में बाणसागर नहर के समीप रहने वाली पूजा (21) का शव मंगलवार की देर रात उनके पक्के मकान के बगल बने सीमेंट टीन शेड में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। पूजा की सास मीना ने बताया कि रात में काफी समय तक पूजा नजर नहीं आईं, जिसके बाद उन्होंने टार्च की रोशनी में उसे ढूंढना शुरू किया। टीन शेड में लगे एक पाइप से साड़ी के फंदे पर अपनी बहू की लाश को लटकता देख उनके होश उड़ गए। मीना देवी के चीखने-चिल्लाने पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही हलिया थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पूजा के मायके पक्ष के लोग भी उमरिया गांव पहुंच गए, जहां उन्होंने अपने बेटी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया।
हलिया थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पूजा की शादी इसी साल अप्रैल माह में विजय नामक युवक के साथ हुई थी। शादी के महज 25 दिनों बाद ही, पति विजय रोजगार के सिलसिले में मद्रास (चेन्नई) चला गया था। तब से पूजा अपने ससुरालजनों के साथ ही रह रही थी। थानाध्यक ने आगे बताया कि पूजा की बड़ी बहन सरोज की शादी भी इसी घर में उसके जेठ गोपाल से हुई है। दोनों बहनें एक ही घर में ब्याही गई थीं और परिजनों के अनुसार, वे राजी-खुशी से घर में रहती थीं। पूजा द्वारा अचानक यह कदम उठाने से सभी स्तब्ध हैं और किसी को भी आत्महत्या का कारण समझ नहीं आ रहा है।
पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सके। उन्होंने यह भी बताया कि अगर मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर (लिखित शिकायत) मिलती है, तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि इस रहस्यमय मौत के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।