आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी पहुंची कुलदीप यादव के स्कूल, छात्रों में दिखा जबरदस्त उत्साह

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी पहुंची कुलदीप यादव के स्कूल, छात्रों में दिखा जबरदस्त उत्साह

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी पहुंची कुलदीप यादव के स्कूल, छात्रों में दिखा जबरदस्त उत्साह

कानपुर, 31 जनवरी । आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 ट्रॉफी टूर के तहत वर्ल्ड कप ट्रॉफी शनिवार को कानपुर पहुंची। ट्रॉफी के शहर में आगमन के साथ ही क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर बर्रा-8 स्थित एक केडीएमए स्कूल परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर बॉलर कुलदीप यादव ने इसी स्कूल से अपनी पढ़ाई की है, जिससे कार्यक्रम का महत्व और भी बढ़ गया।

कार्यक्रम का आयोजन आईसीसी की क्लास ऑफ 26 पहल के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य भारतीय खिलाड़ियों की शुरुआती क्रिकेट यात्रा को सम्मान देना और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करना है। इस दौरान छात्रों, शिक्षकों और आमंत्रित अतिथियों के बीच वर्ल्ड कप ट्रॉफी का भव्य प्रदर्शन किया गया। गाजे-बाजे के साथ जब ट्रॉफी स्कूल परिसर में पहुंची तो छात्र-छात्राओं और क्रिकेट फैंस में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में कुलदीप यादव के बचपन के कोच कपिल पांडेय और उनके पिता भी मौजूद रहे। क्रिकेट प्रेमियों ने बैनर पर टीम इंडिया की जीत के समर्थन में संदेश लिखे और हस्ताक्षर किए। छात्रों ने ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाकर इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाया।

इस मौके पर कोच कपिल पांडेय ने कहा कि टीम इंडिया लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर कई पुराने मिथकों को तोड़ सकती है। उन्होंने कहा कि अब तक यह धारणा रही है कि मेजबान देश ट्रॉफी नहीं जीत पाता और कोई भी टीम लगातार दो बार टी-20 विश्व कप नहीं जीत सकी है। कोच ने भरोसा जताया कि कुलदीप यादव विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाएंगे।