आधुनिक प्रशिक्षण से होमगार्ड जवान होंगे और दक्ष : धर्मवीर प्रजापति

- मंडलीय होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र का शिलान्यास

आधुनिक प्रशिक्षण से होमगार्ड जवान होंगे और दक्ष : धर्मवीर प्रजापति

मीरजापुर, 08 मई । उत्तर प्रदेश के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने शुक्रवार को जनपद मीरजापुर के कलना पहाड़ी स्थित परिसिया क्षेत्र में मंडलीय होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र एवं कार्यालय का विधिवत मंत्रोच्चार के बीच शिलान्यास किया।

मंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण केंद्र बनने से विंध्याचल मंडल के होमगार्ड जवानों को आधुनिक प्रशिक्षण के लिए दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही जवानों को आपदा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनकी कार्यकुशलता में वृद्धि होगी।

अधिकारियों ने बताया कि मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र बनने से विभागीय कार्यों के संचालन में तेजी आएगी और मंडल के जवानों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

इससे पहले मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने विंध्याचल पहुंचकर मां विंध्यवासिनी, अष्टभुजा और काली खोह मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर प्रमुख विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।