श्री काशी विश्वनाथ दरबार में होली, अयोध्या के राज्य पुष्प 'कचनार' से बना गुलाल अर्पित
श्री काशी विश्वनाथ दरबार में होली, अयोध्या के राज्य पुष्प 'कचनार' से बना गुलाल अर्पित

-सरकार की पहल पर लखनऊ से दरबार में भेजी गई कचनार से निर्मित हर्बल गुलाल
वाराणसी, 14 मार्च (हि.स.)। रंगों का पर्व होली आज श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में खास अंदाज में मनाया गया। अयोध्या के राज्य पुष्प 'कचनार' से निर्मित हर्बल गुलाल बाबा के पावन ज्योर्तिलिंग पर अर्पित किया गया। इस खास गुलाल को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से विशेष वाहक के जरिए भेजवाया था।
काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष भी कचनार से बने हर्बल गुलाल को बाबा विश्वनाथ के दरबार में अर्पित किया गया और होली के इस पावन अवसर पर धाम में होली खेली गई। कचनार फूलों से निर्मित यह विशिष्ट हर्बल गुलाल राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई), लखनऊ द्वारा तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2024 में भी पहली बार कचनार फूलों से हर्बल गुलाल भेजने की पहल की थी, जिसे अब निरंतरता के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास तक भेजा जा रहा है। मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण और डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण ने इस हर्बल गुलाल को श्री काशी विश्वनाथ महादेव को अर्पित किया। इस विशेष पहल के जरिए पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश भी है।
---------------