प्रयागराज के ज्वाला देवी स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य और अहिंसा का संदेश, चलाया गया स्वच्छता अभियान

सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में इंद्रजीत त्रिपाठी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग से देश को नई दिशा दिखाई

प्रयागराज के ज्वाला देवी स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य और अहिंसा का संदेश, चलाया गया स्वच्छता अभियान

प्रयागराज, 02 अक्टूबर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अपने पूरे जीवन सत्य और अहिंसा का संदेश दिया और इन्हीं मूल्यों के कारण उन्हें शांति और सच्चाई के प्रतीक के रूप में सदैव याद किया जाएगा।

यह बात शुक्रवार को ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस प्रयागराज, के शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य इंद्रजीत त्रिपाठी ने गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कही। विद्यालय परिसर में शुक्रवार को दोनों महापुरुषों की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण से हुआ। विद्या मंदिर एवं शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य, आचार्य-आचार्याओं और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया।


मुख्य वक्ता इंद्रजीत त्रिपाठी ने कहा कि महात्मा गांधी का जन्म दो अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। उन्होंने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाया। उनके विचारों ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने भी दो अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में घोषित किया है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं।



विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि गांधी जयंती हमें राष्ट्रपिता के त्याग, संघर्ष और देश के लिए किए गए कार्यों को स्मरण करने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिला। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और राष्ट्रसेवा में उनके योगदान को भी याद किया।

कार्यक्रम के दौरान आचार्य विवेक सिंह एवं फूलचंद्र ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और राष्ट्रसेवा पर विचार रखे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। गांधी जयंती के अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। प्रधानाचार्य के निर्देशन में शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य सदस्यों ने विद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की। इसके माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन आचार्य संतोष पांडेय ने किया। व्यवस्था प्रमुख दीपक यादव ने अतिथियों एवं उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्या और कर्मचारी मौजूद रहे।