रीवा-आनंद विहार सुपरफास्ट ट्रेन बांदा-कानपुर चलाने की मांग तेज
रीवा-आनंद विहार सुपरफास्ट ट्रेन बांदा-कानपुर चलाने की मांग तेज
हमीरपुर, 7 जुलाई। रीवा से दिल्ली जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 12427 को फतेहपुर की जगह बांदा-कानपुर रेल मार्ग से चलाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्रीय यात्रियों ने सोमवार को रेलवे प्रशासन से मांग की, कि इस ट्रेन को प्रस्तावित रूट से संचालित किया जाए, जिससे न केवल दूरी कम होगी बल्कि हजारों यात्रियों को सीधी सुविधा भी उपलब्ध होगी।
यात्रियों का कहना है कि प्रारंभिक प्रस्ताव के अनुसार यह ट्रेन मानिकपुर-बांदा-कानपुर होते हुए आनंद विहार जानी थी, लेकिन फिलहाल इसे फतेहपुर मार्ग से चलाया जा रहा है, जबकि फतेहपुर रूट पहले से ही कई ट्रेनों से जुड़ा हुआ है। यदि ट्रेन को बांदा होते हुए चलाया जाए तो करीब 70 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। सबसे अधिक लाभ भरुआ सुमेरपुर, रागौल और घाटमपुर जैसे स्टेशनों के यात्रियों को मिलेगा, जिन्हें वर्तमान में दिल्ली जाने के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इन स्टेशनों से सीधे दिल्ली की ट्रेन उपलब्ध न होने से लोग समय और धन दोनों की मार झेलते हैं।
यात्रियों ने कहा कि बांदा-कानपुर रेलखंड पर ट्रेनों की संख्या बेहद सीमित है। यदि यह सुपरफास्ट ट्रेन इस मार्ग से चलेगी तो यह आम जनता के लिए राहतकारी कदम होगा और रेलवे संसाधनों का भी बेहतर उपयोग संभव होगा। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के रेल महाप्रबंधक को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से सामाजिक कार्यकर्ता संजय त्रिपाठी ने मांग की गई कि जनहित को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 12427 के संचालन मार्ग में शीघ्र परिवर्तन किया जाए।