दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस पर दी श्रद्धांजलि
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस पर दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 24 नवंबर । सिखों के नौवें गुरु, 'हिन्द दी चादर' श्री गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सोमवार को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गुरु साहिब के अद्वितीय साहस, त्याग और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि महान संत, असाधारण योद्धा, धर्म एवं मानवता के रक्षक, 'हिन्द दी चादर' के नाम से प्रख्यात सिखों के नौवें गुरु श्री तेग बहादुर महाराज को उनके बलिदान दिवस पर कोटिशः नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि। उन्हाेंने कहा कि अधर्म, अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध अविराम संघर्ष का प्रतीक, उनका तपस्वी जीवन पूरी मानव सभ्यता के लिए प्रेरणा-पुंज है।
उल्लेखनीय है कि, सिखों के नाैवें गुरु, गुरु तेग बहादुर की शहादत को इस बार 350वीं वर्षगांठ के रूप में मना रहे है। उनका बलिदान दुनिया के इतिहास में अनोखा है, क्योंकि उन्होंने अपने प्राण सिर्फ एक समुदाय नहीं, बल्कि पूरी मानवता की धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए न्योछावर कर दिए।