बकरीद पर गौतस्करी रोकने के लिए सक्रिय रहेगा ‘गौरक्षक सचल दस्ता’ : लाल मणि तिवारी
बकरीद पर गौतस्करी रोकने के लिए सक्रिय रहेगा ‘गौरक्षक सचल दस्ता’ : लाल मणि तिवारी
प्रयागराज, 19 मई। गौमाता की हत्या और गौतस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए पूरे काशी प्रांत में “गौरक्षक सचल दस्ता” गठित किया गया है। यह जानकारी विश्व हिंदू परिषद गोरक्षा के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी ने दी।
इस संबंध कीडगंज में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद गोरक्षा काशी प्रांत के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बकरीद के अवसर पर गौवंश की तस्करी और गौहत्या रोकने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई। पूरे काशी प्रांत में “गौरक्षक सचल दस्ता” गठित किया गया है। प्रत्येक प्रखंड में 11-11 गोरक्षकों को नामित कर ग्राम स्तर तक टोली बनाने की योजना तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि कहीं भी गौतस्करी या गौहत्या की सूचना मिलने पर विभिन्न प्रखंडों के कार्यकर्ता आपस में समन्वय स्थापित कर तुरंत मौके पर पहुंचेंगे। साथ ही गौहत्या के लिए चर्चित गांवों में टोली बनाकर भ्रमण किया जाएगा और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
लाल मणि तिवारी ने कहा कि केंद्रीय निर्णय के तहत बकरीद से पहले राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त के माध्यम से सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि “गाय कोई साधारण पशु नहीं बल्कि मां है” और गौसंरक्षण भारतीय संस्कृति व आस्था का महत्वपूर्ण विषय है।
बैठक को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद गोरक्षा के प्रांत अध्यक्ष भोला नाथ ने रोजगारयुक्त नौजवान, कर्जमुक्त किसान, स्वस्थ और समर्थ भारत की परिकल्पना के साथ गौरक्षा अभियान को और तेज करने का आह्वान किया।
बैठक में गौशालाओं के निर्माण, जैविक कृषि और किसान सम्मेलन जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में नवीन, वीरेंद्र जायसवाल, सुशील चतुर्वेदी, विष्णु कांत, अशोक मिश्रा, लवलेश बजरंगी, शशि मिश्रा, विनय, विष्णु दुबे, चंद्रशेखर साहू, विजय पांडे और श्याम जी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।