लखीमपुर खीरी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25-25 हजार के दो शातिर गो तस्करों को किया गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25-25 हजार के दो शातिर गो तस्करों को किया गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25-25 हजार के दो शातिर गो तस्करों को किया गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी, 19 मई । उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद में शातिर अपराधियों और गोवंश तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पढ़ुआ थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए गैंगेस्टर एक्ट में काफी समय से वांछित चल रहे 25-25 हजार रुपये के दो इनामी गोकश अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए शातिर गोतस्करों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

एसपी खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि यह कामयाबी मंगलवार सुबह करीब 6:07 बजे रमिया बेहड़-नैनापुर मार्ग पर बंगाली कालोनी से कुछ दूरी पर मिली है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त सफौव्वा उर्फ मोहम्मद अहमद (निवासी रामनगर लहबड़ी, धौरहरा) और हफीज (निवासी रामनगर लहवड़ी, धौरहरा/वर्तमान पता त्रिकोलिया, ईसानगर) इलाके में गोकशी और गोवंश तस्करी की वारदातों के लिए कुख्यात हैं। दोनों अभियुक्त अगस्त 2025 से ही पढ़ुआ थाने में दर्ज उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के एक मामले में फरार चल रहे थे। इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पकड़े गए दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। अभियुक्त हफीज के खिलाफ अकेले धौरहरा और पढ़ुआ थानों में गोहत्या निवारण अधिनियम के पांच मामलों सहित गुंडा एक्ट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के कुल 10 गंभीर मुकदमें दर्ज हैं। वहीं, दूसरे गोतस्कर सफौव्वा उर्फ मोहम्मद अहमद पर गोकशी के अलावा एनडीपीएस (मादक पदार्थ तस्करी) और पॉक्सो एक्ट (अपहरण व दुष्कर्म) जैसे संगीन अपराधों के मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद तलाशी के दौरान दोनों के पास से .315 बोर के दो अवैध देशी तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। इसके आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने विधिक औपचारिकताएं पूरी कर दोनों शातिर गोतस्करों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।