श्री रामजन्मभूमि परिसर में बने शिव मंदिर के शिखर पर 29 अप्रैल को धर्म ध्वजा फहराएंगे मुख्यमंत्री योगी
श्री रामजन्मभूमि परिसर में बने शिव मंदिर के शिखर पर 29 अप्रैल को धर्म ध्वजा फहराएंगे मुख्यमंत्री योगी
अयोध्या, 21 अप्रैल श्री राम नगरी अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में बने शिव मंदिर के शिखर पर 29 अप्रैल को ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अप्रैल को सायंकाल 5 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
राम मंदिर ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव ने मंगलवार काे इस कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया गया है और उनके हाथों से ही पूरा कार्यक्रम संपन्न होगा। इस अवसर पर भाजपा के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लगभग 1000 स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि ध्वजारोहण कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री हनुमान गढ़ी और रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित भी करेंगे। शिव मंदिर परकोटा के उत्तर-पूर्वी कोने पर मंच तैयार किया जाएगा। परकोटा के पूर्वी हिस्से में वीआईपी अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। यहां से सभी लोग ध्वजारोहण कार्यक्रम का सीधा दर्शन कर सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। गोपाल राव के अनुसार मां भगवती और शेषावतार मंदिर पर भी 15 मई तक ध्वजारोहण होने की संभावना है।