मुख्यमंत्री योगी की बड़ी घोषणा : शिक्षामित्रों को 18 हजार तो अनुदेशकों को मिलेगा 17 हजार रुपये मानदेय
मुख्यमंत्री योगी की बड़ी घोषणा : शिक्षामित्रों को 18 हजार तो अनुदेशकों को मिलेगा 17 हजार रुपये मानदेय
लखनऊ , 20 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन सदन में अपनी सरकार की उपलब्धियां, आवंटित बजट और भावी योजनाओं का विस्तार से जिक्र किया। उन्हाेंने सदन में एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में कार्यरत शिक्षामित्रों को अप्रैल 2026 से 18 हजार रुपये और अनुदेशकों को 17 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गरीब बच्चियों के लिए कस्तूरबा बालिका विद्यालयों को अधिक सशक्त बनाया जाएगा और इसके लिए 580 करोड रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्हाेंने कहा कि सरकार जरूरतमंद स्कूलाें की मदद कर रही है।
हमने कम किया ड्रॉपआउट रेट : सीएम
प्रदेश के बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और परिषदीय विद्यालयों की साज सज्जा की योजनाओं का विस्तार से उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा में ड्रॉपआउट रेट सपा के शासनकाल में लगभग 6 था। आज हम इसे 0-3 पर ले आए हैं। आठ हजार न्याय पंचायत तक कंपोजिट विद्यालय ले जाने का लक्ष्य है। पहले हर विधानसभा में एक-एक, फिर प्रत्येक विकासखंड में फिर हर न्याय पंचायत तक ले जाएंगे। ऐसे स्कूलों में एक ही छत के नीचे 12वीं तक की पढ़ाई और कौशल विकास प्रशिक्षण मिलेगा।
हमारी सरकार बच्चों को दे रही दो जोड़ी ड्रेस, शूज व बैग
सरकार द्वारा स्कूलों में दी जा रही सुविधाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले स्कूलों में शौचालय, पेयजल की व्यवस्था न होने से बच्चियां स्कूल छोड़ देती थीं। अब हर स्कूल में इनकी सुविधा दी जा रही है। इससे ड्रॉपआउट रेट कम हुआ है। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि फटा कुर्ता पहनकर, नंगे पैर, फटा बैग लेकर बच्ची स्कूल जा रही थी। जब हमने उसे पैसा देना चाहा तो उसने नहीं लिया। फिर हमने प्रदेश भर में हर बेटी को दो जोड़ी ड्रेस, शूज, बैग देने की व्यवस्था की। बाद में हमने सभी बच्चों काे देने का काम शुरू किया। हमारी सरकार ने यह लाभ देते समय किसी की जाति, मत मजहब नहीं देखा।