साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के 77 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए

साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के 77 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए

मीरजापुर, 20 फ़रवरी । जिले की शहर कोतवाली साइबर सेल टीम ने ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए हुई ठगी के मामले में पीड़ित महिला के खाते में 77 हजार रुपये वापस कराए हैं। रकम खाते में वापस आने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार प्रकट किया है।

शहर काेतवाल दयाशंकर ओझा ने शुक्रवार काे बताया कि वासलीगंज स्थित संकटमोचन गली निवासी सोनम श्रीवास्तव ने 23 अक्तूबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक कॉमर्स शॉपिंग साइट के माध्यम से उनके साथ 77 हजार रुपये की ठगी की गई है। शिकायत मिलते ही साइबर सेल थाना कोतवाली शहर की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी।

साइबर सेल ने तकनीकी जांच और संबंधित बैंकिंग संस्थानों से समन्वय स्थापित किया। लगातार प्रयासों के बाद शुक्रवार को पूरी धनराशि 77 हजार रुपये पीड़ित महिला के खाते में वापस कराई। रकम वापस मिलने पर सोनम श्रीवास्तव ने साइबर सेल टीम का आभार जताया। पुलिस ने उन्हें साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए और अन्य लोगों को भी सतर्क करने की अपील की। इस कार्रवाई में शहर काेतवाल दयाशंकर ओझा और महिला आरक्षी पारुल श्रीवास्तव की प्रमुख भूमिका रही।