अज्ञात महिला की लाश जंगल में मिली , हत्या की आशंका

अज्ञात महिला की लाश जंगल में मिली , हत्या की आशंका

अज्ञात महिला की लाश जंगल में मिली , हत्या की आशंका

मीरजापुर, 17 जून । उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले की मड़िहान थाना क्षेत्र के गढ़वा ग्राम पंचायत अंतर्गत सिंहवान गांव के पास जंगल में बुधवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने माैके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाया।

सिरसी वन क्षेत्र के रैकरा-लेदुकी पगडंडी मार्ग के किनारे झाड़ियों में ग्रामीणों ने एक महिला का शव पड़ा देखा। मृतका की उम्र 30 वर्ष है। उसने काले रंग का बुर्का और नाइटी पहन रखी थी। महिला के गले में दुपट्टे का फंदा कसा हुआ था तथा चेहरे पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। नाक और कान से रक्तस्राव के भी संकेत मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

शव जंगल में पड़े होने के कारण जंगली जानवरों ने मृतका के बाएं पैर के हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया था। ग्रामीणों ने शव देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही है।

घटनास्थल को लेकर कुछ समय तक मीरजापुर और सोनभद्र पुलिस के बीच सीमा क्षेत्र को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। जांच के बाद स्थान मड़िहान थाना क्षेत्र में पाए जाने पर मड़िहान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य भी संकलित किए हैं।

थानाध्यक्ष रविन्द्र भूषण मौर्य ने बताया कि अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मृतका की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।