पानी गर्म करने वाली राड से बेड में लगी आग, महिला झुलसी

पानी गर्म करने वाली राड से बेड में लगी आग, महिला झुलसी

पानी गर्म करने वाली राड से बेड में लगी आग, महिला झुलसी

बरेली, 6 दिसंबर । कोतवाली क्षेत्र के चौपुला चौराहे स्थित बगिया कॉलोनी में शनिवार दोपहर लापरवाही भारी पड़ गई। पानी गर्म करने वाली इलेक्ट्रिक रॉड से मकान में अचानक आग भड़क उठी। घर की महिला गंभीर रूप से झुलस गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार राजेश सक्सेना की पत्नी रमा (50) नहाने की तैयारी कर रही थीं। पानी गर्म करने के बाद रॉड का प्लग निकालना भूल गईं और उसे बेड पर ही रखकर बाथरूम में चली गईं। रॉड के लगातार गर्म होने से बेड ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और कमरे में धुआं भर गया। बाहर आते ही रमा लपटों की चपेट में आ गईं और बुरी तरह झुलस गईं। परिजन तुरंत उन्हें पास ही स्थित अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है।

परिजनों ने बताया कि रमा लगभग 60 प्रतिशत तक जल चुकी हैं और हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में घर का कीमती सामान भी राख हो गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां भेजी गईं। आग रॉड के अधिक गर्म होने से लगी थी। उन्होंने कहा कि ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल करते समय प्लग निकालकर ही रखें और उन्हें जलने वाली सतह पर कभी न रखें। हादसे में घर का काफी सामान जलकर खाक हो गया है। कॉलोनी में लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।