लखनऊ में 27–28 दिसंबर को हाेगा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का सम्मेलन
लखनऊ में 27–28 दिसंबर को हाेगा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का सम्मेलन
लखनऊ, 26 दिसंबर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का सम्मेलन 27 एवं 28 दिसंबर को लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित हाेगा। सम्मेलन का उद्देश्य आमजन-केंद्रित पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़ करना, तकनीक-समर्थ एवं आधुनिक पुलिस व्यवस्था विकसित करना। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक बैठक नहीं है, बल्कि लक्ष्य-आधारित और भविष्यपरक पहल है। सम्मेलन के माध्यम से उत्तर प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, आधुनिक, पेशेवर, जवाबदेह एवं आमजन-केंद्रित बनाने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान कुल 11 अलग-अलग सत्रों में प्रस्तुतीकरण दिए जाएंगे। इन सत्रों में प्रस्तुतीकरण 11 वरिष्ठ नोडल आईपीएस अधिकारी एवं उनके सहयोग से 45 पुलिस अधिकारियों की ओर से किया जाएगा। 27 दिसंबर के पहले सत्र के अंतर्गत सत्र–01 में बीट पुलिसिंग, सत्र–02 में महिलाओं, बच्चों के विरुद्ध अपराध एवं मानव तस्करी तथा सत्र–03 में थाना प्रबंधन एवं उन्नयन विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। दूसरे सत्र में सत्र–04 के तहत साइबर अपराध, सत्र–05 में मानव संसाधन विकास, कल्याण, पुलिस व्यवहार एवं प्रशिक्षण, सत्र–06 में अभियोजन एवं कारागार तथा सत्र–07 में सीसीटीएनएस 2.0, न्याय संहिता एवं फॉरेंसिक विषयों पर प्रस्तुतीकरण प्रस्तावित होगी।
28 दिसंबर को पहले सत्र में सत्र–08 के अंतर्गत आपदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस एवं होमगार्ड, सत्र–09 में भीड़ प्रबंधन तथा सत्र–10 में खुफिया तंत्र एवं उभरती चुनौतियां जैसे सोशल मीडिया, एनजीओ एवं नेपाल सीमा से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। सत्र–11 में आतंकवाद निरोध, नारकोटिक्स, गो-तस्करी एवं अन्य संगठित अपराध पर चर्चा की जाएगी। दूसरे सत्र में उत्तम प्रथाओं (बेस्ट प्रैक्टिसेस) एवं नवाचारों पर अनुपूरक सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न जिलाें द्वारा अपनाई गई प्रभावी कार्यप्रणालियों और नवाचारों को साझा किया जाएगा।