मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव पर काशी में सेवा का महाअभियान, 500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य
हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे, स्वास्थ्य जांच और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा
वाराणसी,02 जून । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ महाराज के 54वें जन्मदिवस (5 जून) को लेकर काशी में सेवा और समर्पण का माहौल देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और हिन्दू युवा वाहिनी, वाराणसी की ओर से एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने की तैयारी है। आयोजन में इस बार 500 यूनिट से अधिक रक्तदान करने का लक्ष्य रखा गया है।
रक्तदान महाअभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को अंतिम रूप देने के लिए संगठन के पदाधिकारी कबीरचौरा स्थित राजकीय महिला अस्पताल के एमसीएच विंग पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों के साथ बैठक कर रक्तदान शिविर में आने वाले लोगों की सुविधा, स्वास्थ्य जांच और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
वाहिनी के मंडल प्रभारी अंबरीश सिंह 'भोला' ने बताया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिन और 500 यूनिट रक्तदान के संकल्प को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ युवाओं में उत्साह है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन हर वर्ष सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया जाता है और इस बार भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। पिछले वर्षों में भी जनता और युवाओं का सहयोग मिला है।
उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए कबीरचौरा अस्पताल प्रशासन भी पूरी तरह तैयारियों में जुटा हुआ है, ताकि रक्तदान करने पहुंचने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।--