बागपत में मानक के विपरीत चल रही 17 कोचिंग सेंटर सील
बागपत में मानक के विपरीत चल रही 17 कोचिंग सेंटर सील
बागपत, 24 जून । लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद बागपत प्रशासन ने जनपद में फायर सेफ्टी को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ौत क्षेत्र के गढ़ी खत्री में बिना अग्निशमन विभाग की एनओसी संचालित 17 कोचिंग सेंटर, कंप्यूटर सेंटर और लाइब्रेरी को सील कर दिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अमरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि निरीक्षण में कई संस्थानों में गंभीर खामियां पाई गईं। अधिकांश केंद्र बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के चल रहे थे। साथ ही, आपातकालीन निकास, फायर सेफ्टी उपकरण और दमकल वाहनों की पहुंच जैसी जरूरी व्यवस्थाओं का अभाव भी सामने आया। सभी को नोटिस दिए जा रहे है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी तहसीलों में एसडीएम, अग्निशमन विभाग और अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीमें सघन अभियान चला रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि अस्पताल, नर्सिंग होम, कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, मॉल, होटल, मैरिज लॉन, सिनेमा हॉल और बहुमंजिला इमारतों की प्राथमिकता के आधार पर जांच होगी।
डीएम ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संस्थानों को तत्काल एनओसी लेने, फायर उपकरण स्थापित करने और आपातकालीन निकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी भावना सिंह, सीओ अंशु जैन और नायब तहसीलदार विनोद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।