यात्रियों से सीधा संवाद कर अपर मंडल रेल प्रबंधक सुविधाओं का फीडबैक लिया, समस्याओं के समाधान पर जोर
नैनी जंक्शन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक एम.एम. वारिस ने यात्रियों और ग्रामीणों से की बातचीत
। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए उत्तर मध्य रेलवे का प्रयागराज मंडल यात्री सुविधाओं में सुधार पर जोर दे रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एम.एम. वारिस ने शुक्रवार को नैनी जंक्शन पर यात्रियों और लिंक जंक्शन पर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं तथा यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए फीडबैक लिया।
संवाद के दौरान स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा की गई। यात्रियों से स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, प्रतीक्षालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों के सुझावों को गंभीरता से सुना और सुविधाओं को अधिक उपयोगी तथा यात्रियों के अनुकूल बनाने में उनके फीडबैक के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनकी शिकायतों और समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। इस पहल का उद्देश्य रेलवे प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा लोगों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार रेल सेवाओं और व्यवस्थाओं में सुधार करना है।
अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एम.एम. वारिस ने कहा कि यात्रियों की सुविधा, संतुष्टि और सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद उनकी जरूरतों को समझने तथा रेल व्यवस्था को बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए मंडल लगातार प्रयास कर रहा है। यात्रियों और ग्रामीणों से मिलने वाले सुझावों एवं शिकायतों से सुविधाओं में सुधार करने में मदद मिलती है। रेलवे प्रशासन जनसंवाद के माध्यम से यात्रियों की अपेक्षाओं को समझकर सेवाओं को अधिक प्रभावी, स्वच्छ और यात्री-अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।