वृंदावन में परिक्रमा मार्ग पर चला स्वच्छता महाअभियान , अधिकारियों और प्रबुद्धजनों ने किया श्रमदान

वृंदावन में परिक्रमा मार्ग पर चला स्वच्छता महाअभियान , अधिकारियों और प्रबुद्धजनों ने किया श्रमदान

वृंदावन में परिक्रमा मार्ग पर चला स्वच्छता महाअभियान , अधिकारियों और प्रबुद्धजनों ने किया श्रमदान

मथुरा, 19 जुलाई । हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है के संकल्प के साथ रविवार वृंदावन में एक अभूतपूर्व स्वच्छता महाअभियान का आयोजन किया गया। इस महाअभियान के अंतर्गत वृंदावन के 11 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग को 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया था, ताकि स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके। रविवार काे सुबह 8 बजे से 11 बजे तक चले इस अभियान में प्रशासनिक एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद झाड़ू लगाकर और कूड़ा उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस पुनीत कार्य में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त ओजस्वी राज सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। स्वच्छता अभियान से पूर्व गीता शोध संस्थान के ओपन एयर थिएटर में हार्टफुलनेस फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित ध्यान शिविर में शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि यह अभियान मात्र सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि एक व्यापक जन-आंदोलन है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ब्रज की स्वच्छता ही ठाकुरजी की सच्ची सेवा है। अभियान को सफल बनाने में संत समाज, हार्टफुलनेस फाउंडेशन, उज्ज्वल ब्रज, नगर निगम के सफाईकर्मियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों का सराहनीय योगदान रहा। जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल, केडी मेडिकल कॉलेज के एमडी मनोज अग्रवाल सहित शहर के कई प्रबुद्धजनों, व्यापारियों और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने विभिन्न सेक्टरों में श्रमदान किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने परिक्रमा मार्ग पर स्थित होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों से स्वच्छता बनाए रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की सख्त अपील की। उन्होंने आमजन और श्रद्धालुओं से भी ब्रज को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग का अनुरोध किया। हार्टफुलनेस फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने स्वच्छता संबंधी पत्रक वितरित कर लोगों को सूखे और गीले कचरे के पृथक निस्तारण के प्रति जागरूक किया।