विकसित भारत के निर्माण में सभी दें योगदान, बोले कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत विद्यार्थियों ने 78×78 फीट की विशाल रंगोली बनाकर राष्ट्र निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं का दिया संदेश।
जौनपुर, 17 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मूल्यांकन केंद्र परिसर में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत विद्यार्थियों ने 78×78 फीट की विशाल रंगोली बनाकर राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत का संदेश दिया। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर बनी रंगोली में देश की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने रंगोली की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से भारत के विकास की प्रेरणादायी तस्वीर प्रस्तुत की है। विकसित भारत के निर्माण में सभी को अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि पूर्वांचल भी विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रंगोली के केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र बनाया गया था। इसके साथ उज्ज्वला योजना, खेलो इंडिया, मेक इन इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, नारी शक्ति-राष्ट्र शक्ति, हरित भारत-स्वस्थ भारत और एक भारत-श्रेष्ठ भारत सहित विभिन्न अभियानों को दर्शाया गया। विश्वविद्यालय का लोगो भी रंगोली में शामिल किया गया।
रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, खेल, डिजिटल तकनीक, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की प्रशंसा की। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अन्नू त्यागी और डॉ. कृष्णा सिंह ने आयोजन में सहयोग किया। इस अवसर पर प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. राजकुमार, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. अनुराग मिश्र, डॉ. वनिता सिंह, डॉ. प्रियंका सिंह सहित शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।