वाराणसी के होटल में युवती की हत्या के बाद युवक ने लगाई फांसी, बाबतपुर के होटल में मिले दोनों के शव
वाराणसी के होटल में युवती की हत्या के बाद युवक ने लगाई फांसी, बाबतपुर के होटल में मिले दोनों के शव
वाराणसी,17 नवम्बर । उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबतपुर एयरपोर्ट के पास स्थित एक होटल में सोमवार देर शाम एकसनसनीखेज वारदात सामने आई। खुद को पति-पत्नी बताकर होटल में ठहरे एक युवक ने अपनी प्रेमिका जो रिश्ते में उसकी साली लगती थी की गला रेतकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भिखारीपुर (डीएलडब्ल्यू) निवासी जय विकास (20) पुत्र राज प्रकाश केसरी और बड़ागांव थाना क्षेत्र के बसनी निवासी प्रिया केसरी (23) पुत्री नंदलाल केसरी ने सोमवार दोपहर बाबतपुर स्थित 'केजे इंटरनेशनल होटल' में कमरा बुक किया था। दोनों ने होटल स्टाफ को खुद को पति-पत्नी बताया था। रात करीब 10 बजे जब होटल का स्टाफ डिनर का ऑर्डर लेने कमरे के पास पहुंचा, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। स्टाफ ने इसकी सूचना मैनेजर को दी। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बाद भी जब गेट नहीं खुला, तो होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
कमरा तोड़कर अंदर दाखिल हुई पुलिस
सूचना पाकर डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान, एडीसीपी गोमती जोन नृपेन्द्र समेत बड़ागांव थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में जब कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का दृश्य देख सभी के रोंगटे खड़े हो गए। युवती का शव बाथरूम के अंदर खून से लथपथ पड़ा था, जिसके गले पर धारदार हथियार (चाकू) से वार किए जाने के गहरे निशान थे। युवक का शव: कमरे के पंखे के फंदे से लटका हुआ पाया गया।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य संकलित किए और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शादी तय होने से नाराज था युवक
परिजनों से पूछताछ में जो बातें सामने आईं, उसके मुताबिक मृतका प्रिया बड़ागांव यूनियन बैंक के पास स्थित 'अनन्या ब्यूटी पार्लर' में ब्यूटीशियन का काम करती थी। प्रिया की बड़ी बहन की शादी के बाद उसकी पहचान जय विकास से हुई थी, जो रिश्ते में उसका बहनोई (बहन का देवर) लगता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और अफेयर शुरू हो गया।
हाल ही में प्रिया की शादी किसी अन्य स्थान पर तय हो गई थी, जिससे जय विकास बेहद नाराज चल रहा था। वह प्रिया पर लगातार अपने साथ शादी करने का दबाव बना रहा था। यहाँ तक कि वह अपने साथ सिंदूर भी लेकर होटल आया था। जब प्रिया ने उसकी बात नहीं मानी, तो आक्रोशित होकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और खुद भी जान दे दी।
डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि दोनों के परिजनों को सूचित कर मौके पर बुलाया गया था। उनकी उपस्थिति में होटल का कमरा खुलवाया गया। प्रथम दृष्टया युवक द्वारा युवती की हत्या कर स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या प्रतीत हो रही है। इसमें युवक एवं युवती आपस में रिश्तेदार हैं। युवक, युवती की बहन का देवर है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। प्रकरण में सभी पहलुओं पर गहनता से जाँच की जा रही है।