उत्तर मध्य रेलवे में अप्रेंटिस के 3,205 पदों पर मौका, 31 अगस्त तक आवेदन
पिछले वर्ष के मुकाबले 1,405 सीटें बढ़ीं, प्रयागराज मंडल में सबसे अधिक 1,462 सीटें
प्रयागराज, 29 अगस्त । उत्तर मध्य रेलवे ने युवाओं को व्यावहारिक तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए वर्ष 2026-27 के एक्ट अप्रेंटिस प्रशिक्षण की अधिसूचना जारी कर दी है। इस बार कुल 3,205 सीटों पर युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पिछले वर्ष 1,800 सीटें थीं। इस तरह इस वर्ष 1,405 सीटों की बढ़ोतरी की गई है। योग्य अभ्यर्थी रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, प्रयागराज की वेबसाइट पर जाकर 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने शनिवार काे बताया कि अप्रेंटिस प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को रेलवे के विभिन्न तकनीकी कार्यों का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ इस बार कई नए तकनीकी और कंप्यूटर आधारित ट्रेड भी शामिल किए गए हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के लिए अधिक सक्षम बनाना है।
प्रयागराज मंडल में सबसे अधिक सीटें
अप्रेंटिस की कुल 3,205 सीटों में प्रयागराज मंडल में 1,462, झांसी मंडल में 856 और आगरा मंडल में 547 सीटें हैं। इसके अलावा झांसी वर्कशॉप में 226, ट्रैक मशीन लाइन व मुख्यालय में 82 और मुख्यालय में 32 सीटें निर्धारित की गई हैं।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी आरक्षण
उत्तर मध्य रेलवे ने समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए कुल सीटों में से 152 सीटें दिव्यांगजन (पीडब्ल्यूबीडी) के लिए क्षैतिज रूप से आरक्षित की हैं।
कई नए ट्रेड शामिल
आधुनिक तकनीकी क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए इस बार कई नए ट्रेड शामिल किए गए हैं। इनमें कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (सीओपीए), मल्टीमीडिया एंड वेब पेज डिजाइनर, सीएडी-कैम ऑपरेटर कम प्रोग्रामर, सर्वेयर, राजमिस्त्री, सेनेटरी हार्डवेयर फिटिंग और बिल्डिंग मेंटेनेंस तकनीशियन सहित अन्य ट्रेड शामिल हैं।
एक वर्ष का होगा प्रशिक्षण
एक्ट अप्रेंटिस प्रशिक्षण की अवधि लगभग एक वर्ष होगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को लगभग 9,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट (एनएसी) प्रदान किया जाएगा। यह प्रमाणपत्र महानिदेशालय प्रशिक्षण (डीजीटी) के तहत राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) द्वारा जारी किया जाता है।
रेलवे भर्ती में भी मिलेगा लाभ
रेलवे बोर्ड के परिपत्र आरबीई 51/2022 के तहत रेलवे प्रतिष्ठानों से प्रशिक्षण पूरा करने वाले एक्ट अप्रेंटिस (सीसीएए) अभ्यर्थियों को खुले बाजार से होने वाली लेवल-1 भर्ती में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलता है। इसके अलावा अंतिम लिखित परीक्षा में एनसीवीटी परीक्षा के अंकों का एक-तिहाई भारांक जोड़ा जाता है। ऐसे अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) से भी छूट दी जाती है।
अभ्यर्थी आवेदन और विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, प्रयागराज की आधिकारिक वेबसाइट www.rrcpryj.org पर जा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 है।