यूपी राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की बीएड प्रवेश परीक्षा 7 अगस्त को, 7,749 अभ्यर्थी होंगे शामिल

यूपी राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की बीएड प्रवेश परीक्षा 7 अगस्त को, 7,749 अभ्यर्थी होंगे शामिल

यूपी राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की बीएड प्रवेश परीक्षा 7 अगस्त को, 7,749 अभ्यर्थी होंगे शामिल

प्रयागराज, 06 अगस्त  उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज की शैक्षिक सत्र 2026-27 की बीएड एवं बीएड स्पेशल एजुकेशन प्रवेश परीक्षा शुक्रवार 7 अगस्त को प्रदेश के 10 जिलों के 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित होगी। यह जानकारी गुरुवार को विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रभात चन्द्र मिश्र ने दी।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की आयोजन एवं संचालन समिति के अनुसार कुलपति प्रो. सत्यकाम के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा कोर कमेटी के सदस्य भी विभिन्न केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। प्रवेश परीक्षा का संचालन प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के वरिष्ठ आचार्यों और प्राध्यापकों की निगरानी में कराया जाएगा।

इस वर्ष प्रवेश परीक्षा में 7,749 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं।

जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश परीक्षा आगरा, अयोध्या, बरेली, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, वाराणसी और प्रयागराज सहित प्रदेश के 10 जिलों में आयोजित की जा रही है। प्रयागराज में यमुना परिसर स्थित त्रिवेणी सामुदायिक केंद्र और राजकीय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए विश्वविद्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। यहां प्रवेश परीक्षा आयोजन एवं संचालन समिति के सदस्य पूरे समय उपस्थित रहेंगे, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और प्रवेश पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।